जापान में शक्तिशाली भूंकप, 109 घायल
टोक्यो, 24 जुलाई (आईएएनएस)। जापान में बुधवार मध्यरात्रि को आए शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 109 लोग घायल हो गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई थी।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार जापान के उत्तरी इलाकों में आए भूकंप के बाद सरकार ने नुकसान के बारे में जांच के लिए गुरुवार सुबह एक दल को भूकंप प्रभावित क्षेत्र में भेजा है। पुलिस के अनुसार घायलों में लगभग 15 की हालत गंभीर बनी हुई है।
पर्वतीय इलाकों से भूस्खलन की रिपोर्ट आई थी। भूकंप प्रभावित इलाकों में पांच सौ से अधिक घरों में पानी के पाइप फट गए। सुरक्षा कारणों से गुरुवार सुबह उत्तरी क्षेत्र में पूर्वी जापान रेलवे कंपनी ने रेल सेवा रोक दी है।
मियागी और फूकूसिमा प्रांत में स्थित परमाणु संयंत्रों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। भूकंप के बाद की स्थिति से निपटने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय ने टास्क फोर्स का गठन किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार भूकंप का केंद्र इवाते प्रांत में समुद्रतल में करीब 108 किलोमीटर की गहराई में था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*