भाजपा राजनीतिक आतंकवाद फैला रही है : कांग्रेस
नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर 'राजनीतिक आतंकवाद' में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने संसद के भीतर नोटों की गड्डियां लहरा कर लोगों की संसद के प्रति आस्था को चोट पहुंचाई है।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने कहा, "भाजपा सांसदों के इस कृत्य ने लोकतंत्र के इस मंदिर को हमेशा के लिए दागदार कर दिया है। यह एक तरह का राजनीतिक आतंकवाद है जिसके द्वारा संसद में लोगों का विश्वास नष्ट करने की कोशिश की जा रही है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह सारा नाटक विश्वास मत से ध्यान हटाने के लिए रचा था।
इससे पहले मंगलवार को विश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान तीन भाजपा सांसदों अशोक अर्गल, फग्गन सिंह कुलस्ते और महावीर भागोरा हाथों में नोटों की गड्डियां लहराते हुए अध्यक्ष के आसन की ओर बढ़े। उनका आरोप था कि उन्हें विश्वास मत के दौरान अनुपस्थित रहने के लिए घूस के रूप में यह रकम दी गई है।
इतना सब होने के बाद भी सरकार ने आसानी से विश्वास मत हासिल कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*