राजग के चलते बची मनमोहन सरकार : मायावती
लखनऊ, 24 जुलाई(आईएएनएस) संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(संप्रग) सरकार अगर संसद में विश्वास मत हासिल करने में सफल रही है तो इसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का बहुत बड़ा हाथ है। उसी की मदद के चलते ही मनमोहन सिंह सरकार बच पाई।
उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने आज लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राजग के चलते ही मनमोहन सिंह सरकार ने संसद में अपना विश्वास मत जीता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सांसदों की खरीद-फरोख्त कर लोकतंत्र की हत्या की है।
मायावती ने कहा कि भविष्य में संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन (यूएनपीए) एक बहुत शक्तिशाली मोर्चा बनकर उभरेगा।
पूर्वी उत्तरप्रदेश में बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए मायावती ने कहा कि सरकार द्वारा राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। अगर प्रभावित इलाकों में राहत कार्यो में किसी भी तरह की लापरवाही देखी गई तो अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।