रामबरन यादव ने नेपाल के राष्ट्रपति पद की शपथ ली
काठमांडू, 23 जुलाई (आईएएनएस)। नेपाल के इतिहास में बुधवार को एक नया अध्याय लिखा गया। 61 वर्ष के रामबरन यादव को देश के पहले राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई। नेपाल के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश केदार प्रसाद गिरी ने यादव को शपथ दिलाई।

नेपाली कांग्रेस के नेता के रूप में विख्यात यादव एक जाने-माने चिकित्सक भी हैं।
पूर्व न्यायाधीश परमानंद झा को देश के पहले उप-राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई। यादव और झा मधेशी समुदाय से संबंध रखते हैं। दोनों भारतीय मूल के हैं। इन दोनों के पूर्वज बहुत पहले नेपाल के तराई वाले इलाके में बस गए थे।
बुधवार से यादव आधिकारिक तौर पर नेपाल की थल सेना के सर्वोच्च सेनानायक भी बन गए। यह पद कभी नेपाल के राजा के लिए सुरक्षित हुआ करता था।
शपथ ग्रहण समारोह में अपदस्थ राजा ज्ञानेंद्र को आमंत्रित नहीं किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में विदेशी उच्चायुक्त और राजदूत भी मौजूद थे।
शपथ ग्रहण करने के बाद यादव ने कहा, "मैं लोगों का प्रतिनिधि हूं। मेरा मकसद नेपाल के अवाम की भलाई के लिए काम करना है।"
एक समय नेपाल के विदेश विभाग के दफ्तर रहे आलीशान महल शीतल निवास को राष्ट्रपति भवन में तब्दील कर दिया गया है। यहीं पर नए राष्ट्रपति का दफ्तर भी होगा।
इसी बीच राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*