अमेरिका ने फिर ईरान और उत्तर कोरिया को 'बुराई की धुरी' कहा
वाशिंगटन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान और उत्तर कोरिया के विवादित परमाणु कार्यक्रमों को सुलझाने के लिए किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों के बीच अमेरिका ने एक बार फिर दोनों देशों को 'बुराई की धुरी' करार दिया है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता डाना पेरिनो ने सोमवार को कहा कि जब तक वे अपने परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह और प्रमाणिक रूप से छोड़ नहीं देते तब तक हम उनको उसी श्रेणी में रखेंगे।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने 2002 में दोनों सदनों सीनेट और प्रतिनिधिसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए ईरान, इराक और उत्तर कोरिया को आतंकवादियों से संबंध और जनसंहार के हथियार बनाने के संदेह के कारण 'बुराई की धुरी' की संज्ञा दी थी।
कुछ वर्षो से अमेरिकी अधिकारियों ने इस मुहावरे का प्रयोग बंद कर दिया था।
अमेरिका द्वारा उत्तर कोरिया को आतंकवादी राष्ट्रों की काली सूची से बाहर निकालने और उसके साथ बेहतर आर्थिक और कूटनीतिक संबंध बनाने के वादे के बाद वह अपने परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने पर सहमत हो गया है।
ईरान के साथ परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका का विवाद जारी है क्योंकि ईरान ने यूरेनियम संर्वद्धन कार्यक्रम बंद करने की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मांग ठुकरा दी है।
ईरान के साथ जारी गतिरोध को तोड़ने के लिए अमेरिका ने एक वरिष्ठ कूटनीतिज्ञ को यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि के साथ शनिवार में जिनेवा वार्ता में भाग लेने के लिए भेजा था। पिछले 30 वर्षो में अमेरिका के किसी बड़े कूटनीतिक अधिकारी की ईरान के साथ वह पहली वार्ता थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*