स्वदेश लौटेंगे एम. एफ. हुसैन
लंदन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। हिंदू देवी-देवताओं पर अपनी पेंटिंग के कारण विवादों में रहने वाले चित्रकार एम. एफ. हुसैन अब स्वदेश लौटने का मन बना रहे हैं।
हुसैन ने आईएएनएस से कहा, "भारत मेरा घर है। अपना काम खत्म होते ही मैं स्वदेश लौट जाऊंगा।" उन्होंने कहा कि कोई उन्हें भारत लौटने से कोई नहीं रोक रहा है।
हुसैन ने कहा कि 'भारतीय सभ्यता' पर आधारित पेंटिंग पूरी करने के बाद वे स्वदेश लौटेंगे। सोमवार को 19वीं सदी के प्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा की पेंटिंग की प्रदर्शनी के दौरान हुसैन नजर आए थे। उन्होंने कहा कि वे दुबई और लंदन दोनों जगहों पर काम कर रहे हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने मई में हुसैन के पक्ष में फैसला सुनाया था। दरअसल, उनकी पेंटिंग को लेकर देश में कई जगह प्रदर्शन हुए थे। न्यायाधीश संजय किशन कौल ने अपने फैसले में कहा था कि एक चित्रकार अपनी दृष्टि से सभी कुछ देखता है, इसी कारण उसकी पेंटिंग के विरूद्ध आपराधिक मामला नहीं चलाया जा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।