ग्वाटेमाला में भूस्खलन से 21 की मौत
मैक्सिको सिटी, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भारी बारिश के कारण पूर्वी ग्वाटेमाला में हुए भूस्खलन से करीब 21 लोगों की मौत की खबर है।
ग्वाटेमाला से मिले समाचारों के अनुसार जकापा राज्य के ला यूनियन शहर के नजदीक एक गांव में भूस्खलन के कारण 21 व्यक्तियों की मौत हो गई है।
ला यूनियन शहर के मेयर फ्रैंसिस्को सालग्वेरो ने बताया कि मृतकों में 12 व्यक्ति एक ही परिवार के सदस्य हैं। सालग्ेवरो ने स्थानीय रेडियो को बताया कि राहत और बचाव दल रविवार शाम तक घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका था।
जकापा प्रांत में पिछले एक हफ्ते से जारी भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। भारी वर्ष के कारण कई मकान, सड़कें और पुल टूट गए हैं।
कई परिवारों ने राज्य सरकार द्वारा बनवाए गए सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रखी है।
होंडुरास की सीमा पर स्थित ला यूनियन शहर की जनसंख्या 25,000 है। यह मध्य अमेरिका के सबसे गरीब इलाकों में से है।
ग्वाटेमाला में जून से लगातार जारी वर्षा के कारण देश में यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। वर्षा के कारण हुई दुर्घटनाओं में 78 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*