विदेशी जोड़े ने देशी अंदाज में रचाया ब्याह
भोपाल, 18 जुलाई (आईएएनएस) भारतीय परंपराओं और रीति रिवाज को जो देखता है वही दीवाना हो जाता है। यह दीवानगी एक बार फिर देखने को मिली मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में, जहां दो विदेशियों ने हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक ब्याह रचाया।
छतरपुर से लगभग 65 किलोमीटर दूर है लौड़ी का सुमन आश्रम। इस आश्रम के प्रमुख परमहंस शिव भगवान गुरु है। इंग्लैंड के लंदन की 29 वर्षीया ज्यो पहले भी इस आश्रम में आ चुकी है और यहीं क्रोएशिया के 25 वर्षीय वैदरिन से उसकी मुलाकात भी हुई है। यह दोनों परमहंस शिव भगवान के शिष्य भी हैं। इन दोनों में प्यार परवान चढ़ा और उन्होंने शादी का फैसला कर लिया। दोनों ने यह भी तय किया कि वे हिंदू परंपरा के मुताबिक शादी करेंगे।
इस विदेशी युगल को लगा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व उनके लिए और भी ऐतिहासिक हो सकता है अगर वे एक दूसरे के जीवनसाथी बन जाएं। ज्यो और वैदरिन ने शुक्रवार को पूरे हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक एक दूसरे को अपना जीवनसाथी बना लिया। इन दोनों को शादी करने के साथ नए हिंदू नाम भी दिए गए। वैदरिन को जहां वेदांत नाम मिला वहीं ज्यो को सबरी। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे को अंगूठी पहनाई, जयमाला डाली और फिर शुरू हुआ वैदिक मंत्रोच्चारणों का दौर। हिंदू वैवाहिक परंपरा के सात वचन भी अनुवाद करके अंग्रेजी में सुनाए गए। और दोनों ने अग्नि कुंड की परिक्रमा कर साथ जीने और मरने की कसम खाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**