जापान के साथ व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के लिए पोर्टल
नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और जापान के बीच व्यापार और निवेश के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और 'जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गेनाइजेशन' (जेट्रो) ने संयुक्त रूप से एक पोर्टल लांच किया है।
'इंडो-न्यू विंडो' नामक इस पोर्टल का उद्घाटन बुधवार को भारत-जापान व्यापारिक संबंधों को मजबूती प्रदान करने के लिए आयोजित एक कर्यक्रम में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सीआईआई और जेट्रो ने संयुक्त रूप से किया था।
इस पोर्टल में प्रस्तावित 'दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कोरिडोर' (डीएमआईसी) पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें भारतीय और जापानी कंपनियों को आयात निर्यात, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, निवेश और व्यापार के लिए व्यावसायिक भागीदारों के चयन में मदद मिलेगी।
डीएमआईसी सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की भागीदारी पर आधारित एक मॉडल है, जिसमें 90 अरब डालर निवेश की संभावना है।
जेट्रो के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी यासू हयाशी ने कहा कि जापान का मानना है कि भारत के साथ व्यापार और निवेश के क्षेत्र में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जापान ने वर्ष 2007 में भारत में लगभग 1.5 अरब डालर का निवेश किया था। वर्ष 2006 की तुलना में इसमें तीन गुनी वृद्धि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।