केतन मेहता के साथ फिल्म बनाना चाहती हैं क्रिस्टीन हाकीम
नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। बालीवुड अभिनेता शम्मी कपूर की फिल्में देखकर बड़ी हुईं इंडोनेशिया की अभिनेत्री क्रिस्टीन हाकिम भारतीय फिल्म निर्माता केतन मेहता के साथ मिलकर एक फिल्म बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि बालीवुड फिल्में और संगीत उनके देश में बेहद लोकप्रिय है।

क्रिस्टीन कहती हैं कि वे भारत से जुड़ी रहना चाहती हैं। इसी क्रम में उन्होंने मेहता के साथ मिलकर एक फिल्म बनाने की योजना भी तैयार की है।
'दसवें ओसियान-सिनेफैन फिल्म समारोह' के एशियाई-अरब विभाग में निर्णायक बनकर इन दिनों वे राजधानी दिल्ली में हैं। इस समारोह में उनकी फिल्में भी दिखाई गई हैं।
क्रिस्टीन ने आईएएनएस से कहा, "फिल्म समारोह का हिस्सा होने का सबसे बड़ा लाभ है कि आप दुनियाभर की फिल्में आसानी से देख सकते हैं, जो अपने देश में बैठकर देखना मुश्किल होता है। भारत में मैं खूब मस्ती कर रही हूं।"
इंडोनेशिया की 30 से ज्यादा फिल्मों और कई धारावाहिकों में अभिनय कर चुकीं 52 वर्षीय अभिनेत्री क्रिस्टीन को 1993 में 'जवाहरलाल नेहरू पुरस्कार' से सम्मानित भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में उनके जन्म के भी पहले से भारतीय फिल्में देखी और खूब पसंद भी की जाती हैं। भारत की परंपरा और यहां का शिल्पकला उन्हें विशेष रूप से लुभाता है। उन्हें आशा है कि वे ताजमहल देख पाएंगी। वे यहां से ढेर सारी खरीदारी भी करना चाहती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*