झारखंड में महंगाई पर होगा पूरे राज्यभर के प्रखंडों पर प्रदर्शन : भाजपा
रांची, 1 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि वह अत्यावश्यक सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण राज्यभर में सात जुलाई को प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पी. एन. सिंह ने आईएएनएस को बताया कि बढ़ती हुई महंगाई का विरोध करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता राज्य के सभी 212 प्रखंडों के कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि रविवार को संपन्न हुई पार्टी की कार्यकारी समिति की दो दिवसीय बैठक में यह निर्णय लिया गया।
सिंह ने कहा कि राज्यस्तर के भाजपा नेता इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि गत 12 सालों में जरुरी सामानों की कीमतों में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र में राजग शासन के दौरान अत्यावश्यक सामानों की कीमत नियंत्रण में थीं।
उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार काफी बढ़ चुका है। इसलिए आगामी लोकसभा चुनावों में कीमतों में बढ़ोतरी और भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*