यूटीवी करेगा 2008 की सफल फिल्मों का प्रीमियर
नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। यूटीवी नेटवर्क के हिंदी मूवी चैनल 'यूटीवी मूवीज' ने 2008 की दो बड़ी सफल फिल्मों 'जोधा अकबर' और 'जन्नत' के प्रीमियर के अधिकार हासिल कर लिए हैं। इन्हें यूटीवी चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।
रितिक रोशन, ऐश्वर्या राय अभिनीत और आशुतोष गोवारिकर निर्देशित फिल्म 'जोधा अकबर' इसी साल 15 फरवरी को रिलीज की गई थी। दुनियाभर में लोकप्रियता हासिल करने वाली इस फिल्म को साल की पहली सफल फिल्म घोषित किया गया।
इमरान हाशमी अभिनीत 'जन्नत' भी इसी साल 16 मई को रिलीज की गई थी। राजीव खंडेलवाल की पहली फिल्म 'आमिर' के रिलीज के महज छह हफ्ते बाद ही चैनल पर इसका प्रसारण किया जा रहा है। इसके साथ अजय देवगन, पंकज कपूर अभिनीत और राजकुमार संतोषी निर्देशित फिल्म 'हल्ला बोल' का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
यूटीवी एंटरटेनमेंट टेलीविजन लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शांतनु आदित्य ने कहा, "यूटीवी मूवीज पर हिंदी की हिट और नई फिल्में पहले भी दिखाई जा चुकी हैं। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए हम इन नई फिल्मों का प्रदर्शन करने को तैयार हैं।"
इसी साल 24 फरवरी 2008 को लांच हुआ यूटीवी मूवीज चैनल अब तक 'दन दना दन गोल', 'आपका सुरूर', 'लाइफ इन ए मैट्रो' फिल्में दिखा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।