भाजपा और वामदल मंहगाई व परमाणु समझौते पर संकीर्ण राजनीतिक कर रहे हैं: आनंद शर्मा
अरुणिम भुइयां
अरुणिम भुइयां
दुबई, 30 जून (आईएएनएस)। विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने सोमवार को कहा है कि बढ़ती मंहगाई और परमाणु समझौते पर संकीर्ण रूख अपना कर वामदल तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजनीतिक लाभ अर्जित करना चाहते हैं।
यहां आईएएनएस से विशेष बातचीत में आनंद शर्मा ने परमाणु ऊर्जा को देश की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए कहा कि देश के महत्वपूर्ण हितों को पार्टीगत राजनीति के कारण नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। शर्मा ने कहा कि देश केवल तेल और कोयले के द्वारा अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी नहीं कर सकता है।
विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि इस समय भारत केवल 5000 मेगावाट परमाणु ऊर्जा का उत्पादन करता है। इसको 2025 तक बढ़ाकर 30,000 मेगावाट करने की जरूरत है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अमेरिका के साथ परमाणु समझौता आवश्यक है।
मंहगाई के बारे में पूछे गए एक सवाल पर विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि भारत खाद्य सुरक्षा के कारण राहत की स्थिति में हैं। लेकिन उर्वरकों के निर्माण की बढ़ती लागत के कारण खाद्यान्नों पर भी आने वाले समय में इसका प्रभाव अवश्य पड़ेगा।
शर्मा ने कहा कि भाजपा और वाम दलों को राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और इनसे राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**