वामदलों की चेतावनी के बावजूद करार पर आगे बढ़ने की तैयारी में कांग्रेस
नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते पर वामपंथी दलों की सरकार को आगे न बढ़ने की चेतावनी और कांग्रेस द्वारा कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी करने को कहना, स्पष्ट संकेत देता है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और वामदलों के बीच दूरियां किस कदर बढ़ गई हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पोलित ब्यूरो की बैठक के बाद पार्टी महासचिव प्रकाश करात ने आज कहा, "करार पर सरकार आगे बढ़ी तो हम समर्थन वापस ले लेंगे।"
उन्होंने कहा कि सरकार को करार के मुद्दे पर आगे नहीं बढ़ना चाहिए।
लेकिन कांग्रेस पार्टी और विदेश मंत्रालय से मिल रहे संकेत स्पष्ट इशारा कर रहे हैं कि सरकार करार पर आगे बढ़ने का तैयार दिख रही है। करार के मोर्चे पर काम कर रहे विदेश मंत्रालय के अधिकारी सरकार के ताजा रुख से उत्साहित हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को पार्टी महासचिवों की बैठक में कार्यकर्ताओं से चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा था।
राजधानी के राजनीति गलियारों में भी यह चर्चा जोरों पर है कि कांग्रेस जल्दी चुनाव करा सकती है। बहरहाल, ग्रुप 8 की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश की प्रस्तावति मुलाकात के बाद ही दृश्य साफ होगा कि चुनाव कब होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।