व्हाइट हाउस पर डेमोक्रेट कब्जे के लिए ओबामा-हिलेरी एकजुट
वाशिंगटन, 28 जून (आईएएनएस)। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की विजय सुनिश्चित कराने के लिए बराक ओबामा और राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की दौड़ में उनकी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन संयुक्त रूप से एक मंच पर सामने आए हैं।
अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बनने की आशा संजोए ओबामा ने अपनी पूर्व प्रतिद्वंद्वी के साथ संघर्ष की समाप्ति के औपचारिक संकेत देने के लिए हैम्पशायर राज्य के एक छोटे से कस्बे को चुना जिसका नाम 'यूनिटी' है।
कस्बे के नाम के महत्व की ओर संकेत करते हुए ओबामा ने कहा कि केवल यही एक रास्ता है जिससे हम उन समस्याओं को हल कर सकते हैं जिनका सामना हमारा राष्ट्र कर रहा है।
रोचक बात यह है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चुनाव में इस राज्य में दोनों उम्मीदवारों को बराबर (107) वोट मिले हैं।
हिलेरी के चुनाव प्रबंधक टेरी मक्लिफ ने शुक्रवार को कहा कि वह हिलेरी द्वारा राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने की दौड़ से हटने के बाद से ही ओबामा के लिए प्रचार कर रहे हैं।
ओबामा और हिलेरी के बीच की एकता गुरुवार को हिलेरी के लिए कोष जुटाने वाले प्रमुख के साथ ओबामा की बैठक के बाद संभव हुई। दोनों के बीच करीब 200 बार से अधिक मुलाकात हो चुकी है।
इसके बाद ओबामा ने हिलेरी के चुनाव अभियान के 2.2 करोड़ डालर के कर्ज को चुकाने में सहयोग देने के लिए अपने शीर्ष दानदाताओं से कहा है। गौरतलब है कि चुनाव अभियान के लिए हिलेरी ने 1.2 करोड़ डालर व्यक्तिगत रूप से कर्ज लिया है।
गुरुवार को ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल दोनों ने 2300 डालर का चंदा हिलेरी के चुनावी कोष में दिया। कानूनी और व्यक्तिगत रूप से दी जा सकने वाली यह सर्वाधिक राशि है।
हिलेरी और उनके पति बिल क्लिंटन ने भी शुक्रवार को ओबामा के प्रचार अभियान के लिए उतनी ही रकम चंदे में दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*