दागी होती जा रही है हरियाणा पुलिस
जयदीप सरीन
जयदीप सरीन
चंडीगढ़, 27 जून (आईएएनएस)। देश के सर्वाधिक सुखी-संपन्न राज्यों में से एक हरियाणा की पुलिस दागदार होती जा रही है। पुलिसकर्मियों पर अभियुक्तों को बचाने और यहां तक कि खुद बलात्कार जैसे संगीन और घिनौने अपराध को अंजाम देने के आरोप लग रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला प्रकाश में आया है।
करनाल जिले की एक नवविवाहित महिला ने थाना प्रभारी पर उसके साथ बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है उसके साथ थाने में यह घटना तब हुई जब वह फरियाद लेकर वहां गई थी। महिला पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश पर पुलिस सुरक्षा के लिए थाने गई थी। महिला ने घर वालों की मर्जी के बगैर मनपसंद युवक से शादी कर ली थी। महिला का आरोप है कि जब वह पुलिस से सुरक्षा के लिए गुहार लगाने थाने में गई तो प्रभारी जय सिंह ने उनके साथ बलात्कार किया। दावे के अनुसार प्रभारी ने थाना परिसर में स्थित अपने घर में महिला को बुलाया और उसकी इज्जत लूट ली।
यह घटना ऐसे वक्त प्रकाश में आई है जब हरियाण पुलिस के दामन पर पहले से ही कई दाग लगे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के गृह शहर रोहतक की एक महिला सरिता के साथ दो पुलिसकर्मियों ने बलात्कार किया था। कहा जाता है कि इसी से शर्मसार होकर महिला ने खुदकुषी कर ली। रोहतक पुलिस दो महीनों तक इन जवानों का बचाव करती रही। हुड्डा ने बाद में इसकी जांच का आदेश दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।