भूकंप के बाद अंडमान में सूनामी की चेतावनी (लीड-1)
नई दिल्ली/चेन्नई, 27 जून (आईएएनएस)। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में शुक्रवार की शाम 5.10 बजे रिक्टर पैमाने पर 6.7 तीव्रता वाले भूकंप के तगड़े झटकों के बाद सूनामी की चेतावनी जारी की गई है।
यह चेतावनी भारतीय सूनामी चेतावनी प्रणाली की ओर से जारी की गई है। इस प्रणाली की स्थापना वर्ष 2004 में आए विनाशकारी सूनामी के बाद की गई थी। उस दौरान भारत में लगभग 10 हजार लोगों की जान चली गई थी।
भूकंप के ताजा झटकों से प्रभावित द्वीप समूह में किसी तरह के जानमाल की हानी की सूचना नहीं है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ भूकंप विज्ञानी ए. के. शुक्ल ने आईएएनएस से कहा, "हमने अंडामन में स्थानीय तौर पर चेतावनी जारी की है। लेकिन मैं नहीं समझता कि इसके लिए गंभीर रूप से चिंतित होने की जरूरत है।"
ताजा झटकों को कम खतरनाक करार देते हुए उन्होंने कहा कि भूकंप का केंद्र प्रदेश की राजधानी पोर्ट ब्लेयर से लगभग 140 किलोमीटर दूर समुद्र के अंदर था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*