दुनिया को भोजन के लिए हर साल 30 अरब डालर की जरूरत
इंसब्रुक (आस्ट्रिया), 26 जून (आईएएनएस)। खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) के महानिदेशक जैक्स डिओफ ने बुधवार को कहा है कि पूरी दुनिया के लिए 2050 तक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए हर वर्ष 30 अरब डालर से अधिक राशि की आवश्यकता है।
एफएओ के 26-27 जून को होने वाले यूरोप के क्षेत्रीय सम्मेलन के पहले डिओफ ने आश्ांका जताई कि खाद्यान्नों की मांग में लगातार वृद्धि, जलवायु परिवर्तन और कम भंडारण के कारण अनाजों की कीमतें फिर से बढ़ सकती हैं।
एफएओ की इस बैठक में सदस्य देश जलवायु परिवर्तन और तेजी से बढ़ती खाद्यान्नों की कीमत के कारण खतरे में पड़ी यूरोप के नए देशों और मध्य-एशिया के राष्ट्रों की कृषि प्रगति से निपटने के उपायों पर विचार करेंगे।
गौरतलब है कि यूरोपीय देशों, विश्व बैंक और विकास बैंकों ने जून के आरंभ में रोम में खाद्य सुरक्षा पर हुए एक सम्मेलन में सात अरब यूरो (करीब 10.88 अरब डालर) की राशि देने का वादा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*