डेरा सच्चा सौदा के खिलाफ प्रदर्शन, हजारों यात्रियों को हुई परेशानी (लीड-1)
चंडीगढ़, 26 जून (आईएएनएस)। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिख कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हाईवे जाम कर दिया और रेल सेवा बाधित कर दी। इससे पंजाब के अधिकतर इलाकों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हजारों यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
पिछले सप्ताह मुंबई में डेरा प्रमुख के सुरक्षाकर्मियों की गोली से एक सिख युवक की मौत के विरोध में देश भर में सिख समुदाय विरोध प्रदर्शन कर रहा है।
अमृतसर जिले में सिख कार्यकर्ताओं ने चार रेलगाड़ियां रोकीं, जिससे प्रशासन को कई रेलगाड़ियां रद्द करनी पड़ीं।
जालंधर, संगरूर, अबोहर और बठिंडा में भी सिख प्रदर्शनकारियों ने रेलगाड़ियां रोकीं। फतेहपुर साहिब में प्रदर्शनकारियों ने एक मालगाड़ी रोकी।
प्रदर्शन के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। डेरे के विभिन्न परिसरों में भी सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए हैं।
पड़ोसी राज्य हरियाणा के सिरसा जिले में पुलिस ने अलर्ट घोषित कर दिया है। यहीं डेरा मुख्यालय है। डेरा प्रमुख सोमवार को दिल्ली से हेलीकाप्टर के जरिए यहां पहुंचने के बाद से सुरक्षा कारणों से डेरा मुख्यालय में ही बने हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*