परमाणु मसले पर पंधे के बयान से माकपा ने बनाई दूरी
नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। परमाणु करार के मसले पर अपने नेता एम. के. पंधे के बयान से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने दूरी बना ली है। पंधे ने कहा था कि यदि समाजवादी पार्टी (सपा) करार का समर्थन करती है तो उसे 'मुस्लिमों की नाराजगी' झेलनी पड़ेगी। पंधे के इस बयान से माकपा की काफी आलोचना हुई थी।
एक संक्षिप्त बयान में माकपा महासचिव प्रकाश करात ने कहा, "परमाणु समझौते के मसले पर 23 जून को पोलित ब्यूरो सदस्य एम. के. पंधे की टिप्पणी पार्टी का विचार नहीं है।"
यह बयान सपा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव से करात की हुई मुलाकात के बाद जारी किया गया।
पंधे ने कहा था कि मुस्लिम समुदाय परमाणु करार के खिलाफ है और उत्तर प्रदेश में सपा को मुसलमानों का समर्थन हासिल है। ऐसे में उसे इस करार का समर्थन नहीं करना चाहिए।
पंधे के इस बयान की काफी आलोचना हुई थी। सपा और कांग्रेस ने इस 'सांप्रदायिक टिप्पणी' करार दिया था। पंधे माकपा के मजदूर संघ का नेतृत्व करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*