आतंकवाद से लड़ने के लिए भारत-पाक वार्ता
इस वार्ता में भारतीय प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव(राजनीतिक और अंतर्राष्ट्रीय संगठन) विवेक काटजू करेंगे। इसमें पकिस्तान मामले के संयुक्त सचिव टी़सी़ए राघवन भी शामिल होंगे।
इस वार्ता में पाकिस्तान का नेतृत्व मसूद खालिद करेंगे। खालिद पाकिस्तान के विदश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (एशिया प्रशांत) हैं। वार्ता पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के परिसर में होगी।
इस वार्ता में दोनों पक्षों के अधिकारी आतंक विरोधी उपायों पर मंथन करेंगे। पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद पहली बार इस मसले पर बातचीत हो रही है।
भारत और पाकिस्तान दोनों आतंकवाद की आग में झुलस रहे हैं। हाल में भारत के गुलाबी शहर जयपुर को दहश्तगर्दी की तपिश झेलनी पड़ी थी। इस वारदात में करीब 60 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान की स्वात घाटी में सक्रिय आतंकवादियों के बीच समझौते से जुड़े घटनाक्रम पर भारत चिंतित है। भारत का मानना है कि इस समझौते के तहत कई आतंकवादियों को मुक्त किया जा सकता है। इससे आतंकवाद और जोर पकड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस