उप्र में कुख्यात बदमाश दुर्गेश का आतंक
फिरोजाबाद के पुलिस अधीक्षक विजय प्रकाश सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार देर शाम टूंड्ला (शहरी इलाके) के क्षेत्राधिकारी ओ.पी. सिंह को जैसे ही इनामी बदमाश दुर्गेश जाटव के नजदीक के गांव में होने की सूचना मिली, वह मुखबिर भवनेश और ग्रामप्रधान श्याम सिंह के साथ उसे गिरफ्तार करने पहुंच गए, लेकिन बदमाशों की गोलीबारी में क्षेत्राधिकारी और मुखबिर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मुखबिरी से बौखलाए दुर्गेश ने अपने साथियों के साथ देर रात भवनेश के घर जाकर उसके भाई विमल, जितेंद्र और पत्नी प्रिया को गोली मार दी। उसने ग्रामप्रधान श्याम सिंह के गांव जाकर उन्हें और उनकी पत्नी को भी गोली मार दी। इस घटना में श्याम की मौके पर ही मौत हो गई।
सभी घायलों को आगरा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां भवनेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद सोमवार सुबह आगरा क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एन.के.श्रीवास्तव ने हालात का जाएजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्गेश पर हत्या, अपहरण और वसूली के 2 दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम है।
इंडो-एशियन
न्यूज
सर्विस।