जैसे-जैसे जलवायु हो रही है गर्म, पक्षी हो रहे हैं प्रवासी : शोध
न्यूयार्क, 22 जून (आईएएनएस)। पृथ्वी पर जैसे-जैसे और जहां जहां तापमान में वृद्धि हो रही है, वहां पक्षी प्रवासी होते जा रहे हैं। अमेरिका के पूर्वी तट के पक्षियों पर किए गए एक अध्ययन से यह निष्कर्ष सामने आया है।
'साइंस डेली' में छपे एक अध्ययन के मुताबिक शोधकर्ताओं ने इसके लिए पक्षियों को उनके शरीर पर खोजी बैंड लगाकर छोड़ा था। इसके बाद 32 प्रजातियों में से आठ प्रजातियों के बारे में पाया गया कि वे अमेरिका के केप कॉड से समय से पहले प्रवास कर गए। शोधकर्ताओं के मुताबिक 38 साल पहले ऐसा नहीं होता था।
बोस्टन विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के इस शोध में पाया गया कि 1970 से पूर्वी मैसाच्युसेट्स के तट से पक्षियों की 32 प्रजातियों के प्रवास के समय में बदलाव आया है।
शोधकर्ताओं ने अध्ययन में पाया कि दलदली गौरेया समय से पहले प्रवास कर रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्वी मैसाच्युसेट्स के तापमान में 1970 से अब तक 1.5 फीसदी का इजाफा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।