बेटों ने की पिता की हत्या
पटना, 22 जून (आईएएनएस)। बिहार में मुंगेर जिले के धड़हारा गांव में दो बेटों ने मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों बेटे अपने पिता के तीसरी शादी करने के निर्णय से नाराज थे।
गोविन्दपुर थाना के प्रभारी राजीव चौधरी ने रविवार को बताया कि 55 वर्षीय महेन्द्र यादव शनिवार देर रात अपने ही घर के सामने रहने वाली एक विधवा आशा देवी को लेकर घर में आया था। इससे उसके दोनों बेटे पप्पू और अरविन्द नाराज हो गए।
दोनों बेटों और पिता में कहासुनी होने के बाद बेटों ने एक धारदार हथियार से पिता के सिर पर वार कर दिया जिससे घटनास्थल पर ही महेन्द्र की मृत्यु हो गई। चौधरी के मुताबिक महेन्द्र इससे पहले दो विवाह कर चुका था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में एक प्राथमिकी थाना में दर्ज करा दी गई है तथा दोनों अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है आशा देवी फरार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।