राम रहीम के खिलाफ सड़कों पर उतरे सिख
चंडीगढ़, 21 जूनः डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के सुरक्षाकर्मियों की गोलीबारी से मुंबई में एक सिख की मौत हो जाने के विरोध में सिखों ने शनिवार को हरियाणा के सिरसा शहर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 पर जाम लगाया।
सिख समुदाय के सदस्यों ने डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय के निकट सिरसा शहर में प्रदर्शन किया। सिखों और डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों के बीच झड़प की आशंका को टालने के लिए घटनास्थल पर पुलिस बल भेज दिया गया।
मुंबई के मुलुंड इलाके में शुक्रवार को एक शापिंग मॉल में डेरा प्रमुख के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सिख प्रदर्शनकारियों पर उनके सुरक्षाकर्मियों द्वारा गोलियां चलाए जाने से एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी। डेरा प्रमुख मॉल में खरीददारी के लिए गए थे।
इस घटना के बाद शनिवार को जालंधर और अमृतसर में सिख नेताओं ने आगे की कार्रवाई को लेकर बैठकें की। डेरा प्रमुख को जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया कराई गई है, जिसमें अधिकांश सुरक्षाकर्मी हरियाणा पुलिस के हैं।
डेरा प्रमुख पिछले साल मई में एक धार्मिक कार्यक्रम में सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह की वेशभूषा में नजर आने के बाद विवादों से घिर गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस