उप्र में लॉटरी से हो रहा है हज यात्रियों का चुनाव
लखनऊ , 21 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश से हज यात्रा पर जाने वाले भाग्यशाली लोगों के चयन के लिए पहली बार मुस्लिम आबादी के अनुपात में जिलावार लॉटरी निकाली जा रही है। इस वर्ष प्रदेश के लिए 28 हजार 178 हज यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है।
राज्य हज समिति के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और वक्फ राज्यमंत्री शहजिल इस्लाम अंसारी की उपस्थिति में गन्ना संस्थान के सभागार में लॉटरी निकाली जा रही है। राज्य हज समिति के सचिव लईक अहमद ने बताया कि अभी तक आगरा से 325 और अलीगढ़ से 533 हज यात्रियों का चयन लॉटरी के जरिए किया गया है।
दरअसल हज यात्रियों के चयन के लिए इस वर्ष लाटरी का तरीका बदल दिया गया है। निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन आने के कारण प्रत्येक जिले में मुस्लिम आबादी के अनुपात में लॉटरी निकाली जा रही है और इसके लिए वर्ष 2001 की जनगणना को आधार बनाया गया है। जनगणना के अनुसार प्रदेश में मुस्लिम आबादी 3 करोड़ 7 लाख 40 हजार 158 है जो देश की कुल मुस्लिम आबादी का 22़ 5 प्रतिशत है।
हज समिति के सचिव के अनुसार भारत से हज यात्रा पर जाने वालों का कोटा एक लाख 10 हजार है और प्रदेश में मुस्लिम आबादी के अनुपात में उसे 23 हजार 913 हाजियों का कोटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार कई प्रदेश ऐसे भी हैं जहां निर्धारित कोटे से कम आवेदन पहुंचे हैं। अत: उन राज्यों का कोटा (4265) भी उत्तरप्रदेश को मिल गया है, जिससे प्रदेश का कोटा बढ़ कर 28 हजार 178 हो गया है।
हज समिति के सचिव ने बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश में 59 हजार 543 लोगों ने हज यात्रा पर जाने के लिए आवेदन दिया है, जिनमें 31 हजार 549 पुरुष, 27 हजार 731 महिलाएं और 263 बच्चे शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।