मध्यप्रदेश के भ्रष्टाचार की पोल खुलेगी सूचना के अधिकार से : सोनिया
भोपाल, 21 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के एक दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान राज्य सरकार निशाने पर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार से मिलने वाली राशि में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। जनता चाहे तो यह पता कर सकती है कि किस तरह की गडबड़ियां हो रही हैं। क्योंकि यह जानने का एक अचूक हथियार सूचना का अधिकार उसके पास है।
गांधी ने अपने इस एक दिवसीय प्रवास में मालवा के उज्जैन में किसान रैली और विन्ध्यांचल के रीवा में जनसभा को संबोधित कर मध्यप्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार राज्य की हर स्तर पर मदद कर रही है, मगर राज्य सरकार केन्द्र से मिलने वाली राशि का दुरूपयोग करने में जुटी है। मध्यप्रदेश के हालात देखकर लगता है कि यहां हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलवाला है। यहां राजनीति विकास नहीं विनाश का माध्यम बनता जा रहा है। आलम यह है कि मध्यप्रदेश में धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है।
उन्होंने जनता को सलाह दी कि वे केन्द्र से मिलने वाली मदद और उसमें हो रहे भ्रष्टाचार की वास्तविकता को जानना चाहते हैं तो सूचना के अधिकार का इस्तेमाल करें। जनता के पास यह ऐसा हथियार है जिसके जरिये वह हकीकत को न केवल जान सकती है बल्कि दूध का दूध और पानी का पानी उसके सामने होगा।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को अन्नदाता किसानों की चिंता है इसीलिए उसने 71 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया है। इससे 7 करोड़ किसानों को कर्ज से मुक्ति मिलेगी। महिला आरक्षण विधेयक की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया है कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई स्थान मिले इसके लिए एक विधेयक लाया गया है। इतना ही नहीं बेरोजगारों को रोजगार मिली इसके लिए इसके लिए राष्ट्रीय रोजगार गांरटी योजना लागू की गई। इन दोनों सभाओं में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*