मुंबई में डेरा सच्चा सौदा के खिलाफ प्रदर्शन
मुंबई, 21 जून (आईएएनएस)। मुंबई के मुलुंड इलाके में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के सुरक्षाकर्मियों की गोलीबारी से एक व्यक्ति के मारे जाने और दो के घायल हो जाने के विरोध में बड़ी संख्या में सिखों ने शनिवार को सिख बहुल इलाके में बंद रखा और रेलमार्गो पर जाम लगाया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सिख समुदाय के लोग मुलुंड स्टेशन के निकट रेल पटरियों पर जमा हो गए और उन्होंने पूर्वाह्न् साढ़े ग्यारह बजे से लंबी दूरी वाली तथा उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित कीं, जिससे दफ्तर और कॉलेज जाने वालों को दिक्कते पेश आईं।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सभी चारों लाइनों पर जाम लगाया और मुलुंड स्टेशन को क्षति पहुंचाई। उन्होंने कहा कि दो उपनगरीय लाइनों को पुलिस की सहायता से खाली करवाया गया, जबकि दो अन्य लाइनों पर सेवाएं जल्द ही बहाल हो जाएंगी।
मुलुंड और पूर्वोत्तर मुंबई के विभिन्न इलाकों में बंद के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। सिख समुदाय के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों को बंद रखा गया है।
मुलुंड इलाके में शुक्रवार रात निर्मल लाइफ स्टाइल मॉल में डेरा प्रमुख के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सिख प्रदर्शनकारियों पर उनके सुरक्षाकर्मी द्वारा गोलियां चलाए जाने से एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी। वहीं सिख और डेरा समर्थकों के बीच हुई झड़प में दो व्यक्ति घायल हो गए। मृतक की पहचान मलकार सिंह के रूप में हुई।
मुलुंड के विभिन्न हिस्सों में सुबह हिंसा और पथराव की छिटपुट घटनाओं की खबर है, लेकिन पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी के हताहत होने खबर नहीं है।
शुक्रवार रात की घटना के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख से इस घटना के जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है।
उप मुख्यमंत्री आर.आर. पाटिल ने घटना की जांच का आदेश दे दिया है। पूर्वोत्तर महाराष्ट्र के सिख बहुल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*