जापान का 'नोबेल पुरस्कार' मिलेगा कनाडा के दो नागरिकों को
टोरंटो, 21 जून (आईएएनएस)। कनाडा के एक कोशिका वैज्ञानिक और एक दार्शनिक समेत तीन व्यक्तियों को जापान का प्रतिष्ठित क्योटो पुरस्कार दिया जाएगा। तीसरे व्यक्ति अमेरिका के एक कम्प्यूटर वैज्ञानिक हैं।
क्योटो के इनामोरी फाउंडेशन द्वारा इस साल के पुरस्कार के लिए शुक्रवार को टोरंटो के कोशिका वैज्ञानिक एंथोनी पासन, मांट्रियल के सामाजिक दर्शनशास्त्री चार्ल्स टेलर और अमेरिका के कम्प्यूटर वैज्ञानिक रिचर्ड कार्प के नामों की घोषणा की गई है।
उल्लेखनीय है कि जापान में नोबेल पुरस्कार की तरह मान्यता प्राप्त क्योटो पुरस्कार को हर साल दिया जाता है। यह अत्याधुनिक तकनीकी, सामान्य विज्ञान, कला व दर्शन के क्षेत्रों में सराहनीय योगदान के लिए दिया जाता है। इस पुरस्कार के लिए नामांकन का काम जापानी और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ करते हैं।
इस पुरस्कार में एक प्रमाणपत्र, 20 कैरेट का स्वर्ण पदक और 4,70,000 डालर नकद दिए जात हैं। इस साल के पुरस्कार क्योटो में होने वाले एक समारोह के दौरान 10 नवंबर को दिए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*