भारत में होगा सबसे ज्यादा विदेशी निवेश

केपीएमजी ने गुरुवार को जारी अपनी एक रिपोर्ट में कहा, "उम्मीद की जा रही है कि अगले पांच वर्षो में औद्योगिक उत्पादों के मामले में भारत अमेरिका से आगे निकलकर चीन के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। विनिर्माण क्षेत्र में विदेशी निवेश के मामले में तो उम्मीद जताई जा रही है कि भारत इस अवधि के दौरान शीर्ष पर जा पहुंचेगा।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि निवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियों के मामले में भी भारत अगले पांच वर्षो में ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस से आगे निकल कर मौजूदा सातवें से चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक निवेशकों को उत्साहित करने के मामले में इस अवधि के दौरान भारत जापान, फ्रांस, रूस और ब्राजील को पीछे छोड़ देगा। रिपोर्ट के अनुसार, "ब्राजील, रूस, भारत और चीन (ब्रिक देश) की तुलना में भारत में अगले वर्ष 64 प्रतिशत निवेश नए निवेशकों की ओर से आएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications