झारखंड में भारी बारिश के कारण कोयला उत्पादन प्रभावित
रांची, 20 जून (आईएएनएस)। झारखंड में इन दिनों भारी बारिश के कारण कोयले के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। खदानों में बारिश का पानी भर जाने के कारण कई कंपनियों ने उत्पादन बंद कर दिया है।
'सेंट्रल कोलफिल्ड लिमिटेड' (सीसीएल) के तकनीकी निदेशक आर. के. साहा ने कहा, "बारिश के कारण कोयला का उत्पादन आधा हो गया है। खदानों में और सड़कों पर बारिश का पानी भर गया है।"
सीसीएल प्रतिदिन लगभग एक लाख टन कोयले का उत्पादन करती है। लेकिन भारी बारिश के कारण उत्पादन का स्तर आधा हो गया है।
सीसीएल प्रबंधन ने एहतियातन भूमिगत खदानों से उत्पादन बंद करने के आदेश दे दिए हैं ताकि किसी तरह के हादसे से बचा जा सके।
गौरतलब है कि सीसीएल के कम से कम पांच कोयला खदान नदियों के किनारे स्थित हैं। स्वर्णरेखा, दामोदर और खाकई समेत झारखंड के तमाम बड़ी नदियों में पानी का स्तर खतरे के निशान से ऊपर चले गए हैं।
सीसीएल के अधिकारियों के मुताबिक रजरप्पा, बरकासयाल, अरगड्डा और अन्य कई कोयले के खदानों वाले क्षेत्र भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं। रजरप्पा कोलियरी में पिछले तीन दिनों के दौरान रिकार्ड 120 मिलीमीटर, जबकि बरकासयाल में 170 मिलीमीटर बारिश हुई है।
उधर, झारखंड स्थित 'भारत कोकिंग कोलफिल्ड्स लिमिटेड' (बीसीसीएल) का उत्पादन भी तेज बारिश के कारण प्रभावित हुआ है। कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी के. बी. श्रीवास्तव ने कहा, "बारिश के कारण कोयले के खदान प्रभावित हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications