गोंडा में बर्खास्त दरोगा ने पत्नी और बेटी को गोली मारी
गोंडा, 20 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के गोंडा में आज एक बर्खास्त दरोगा ने अपनी पत्नी और बेटी को गोली मार दी। दोनों को गोंडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बर्खास्त दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है।
गोंडा के कोतवाली नगर थाना प्रभारी एस. बी. सिंह ने आईएएनएस को बताया कि यह घटना शहर के कोतवाली क्षेत्र में घटी। यहां पर रहने वाले बर्खास्त दरोगा विनोद कुमार शुक्ला ने आज एक मामूली विवाद में अपनी 16 वर्षीय बेटी रश्मि और 45 वर्षीय पत्नी रीता को अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि बर्खास्त दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि शुक्ला को एक मामले को लेकर 1985 में बर्खास्त किया गया था। उस समय वे गोरखपुर में तैनात थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications