मध्यप्रदेश के छतरपुर में मौत को दी मात
भोपाल, 20 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में दो लोगों की जिंदगी और मौत के बीच आठ घंटों तक संघर्ष चला। इसमें आखिरकार मौत को मात मिली और जिंदगी जीत गई। प्रशासन व ग्रामीणों की कोशिशों ने अपना असर दिखाया और नदी में डूब रही दो जिंदगियों को बचा लिया गया।
छतरपुर से 70 किलोमीटर दूर अनाज से भरा एक ट्रक गुरुवार दोपहर में सूखी नदी के पुल से पलटकर गिर गया। कुछ ही देर बाद पानी का जलस्तर इतना बढ़ा कि वह ट्रक के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने लगा।
इस ट्रक के ड्राइवर संतोष प्रजापति और क्लीनर पिंटू चौरसिया को जब बचने का कोई रास्ता नहीं दिखा, तो वे पलट चुके ट्रक के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गए।
नदी में ट्रक पलटने और दो लोगों के पानी के बीच फंसे होने की खबर ग्रामीणों तथा प्रशासन तक पहुंची, तो उन्हें बचाने की कोशिशें शुरू हुई। जिला प्रशासन का पूरा अमला मौके पर पहुंच गया।
शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल मिश्रा और बड़ा मलहरा के नगर निरीक्षक मुबारक अली के नेतृत्व में बचाव दल ने अपना अभियान शुरू किया।
रस्सी को पत्थरों और पेड़ों के सहारे बांधते हुए राहत दल के सदस्य पिंटू और संतोष के करीब पहुंच गए। आठ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को देर शाम सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मौत के मुंह से बाहर निकले पिंटू और संतोष ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें तो हर पल मौत करीब नजर आ रही थी और वे इस दौरान ईश्वर का स्मरण करते रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications