चिदंबरम व देवड़ा जेद्दा बैठक में हिस्सा लेंगे
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। तेल उत्पादक व उपभोक्ता देशों की जेद्दा में रविवार को आयोजित होने वाली बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम व केंद्रीय तेल व प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा हिस्सा लेंगे।
इन दोनों केंद्रीय मंत्रियों के अतिरिक्त तेल सचिव एम.एस. श्रीनिवासन भी बैठक में भाग लेंगे व तेल की बढ़ती कीमतों पर देश का पक्ष रखेंगे।
एक सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि भारतीय प्रतिनिधि बैठक में वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में उछाल व विकासशील देशों पर उसके प्रभाव से संबंधित मुद्दों को गंभीरतापूर्वक उठाएंगे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जेद्दा के लिए प्रस्थान करेगा। सऊदी अरब की पहल पर आयोजित इस बैठक में तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक के सभी 13 राष्ट्र भी भाग लेंगे।
उधर, महंगाई के ताजा आंकड़ों के 11.05 प्रतिशत के रिकार्ड स्तर पर चले जाने से चिंतित वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, "पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का महंगाई के ताजा आंकड़ों में 94 प्रतिशत योगदान है।"
चिदंबरम ने कहा, "ईंधन की कीमतें बढ़ाए जाने के बाद अपेक्षित था कि महंगाई की दर दो अंकों तक चली जाएगी। हमने मंत्रिमंडल को इस संबंध में आगाह कर दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications