फरु खाबाद में पेशी से लौटते समय कैदी फरार
फरु खाबाद, 20 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार से फिरोजाबाद में पेशी के लिए ले जाया गया एक कैदी लौटते समय फरु खाबाद में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इसके बाद कैदी को ले जा रहे दोनों आरक्षियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस महानिदेशक के प्रवक्ता ने बताया कि कल्लू नाम का अभियुक्त फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार में अपहरण के एक मामले में सजा काट रहा था। उसे गुरुवार को एक अन्य मामले में फिरोजाबाद सत्र न्यायालय के अपर नगर मजिस्ट्रेट की फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश करना था।
अभियुक्त कल्लू को फिरोजाबाद पेशी हेतु आरक्षी इंद्रजीत और ब्रह्मनंद गुप्ता की अभिरक्षा में भेजा गया। पेशी से वापस आते समय कल्लू फरु खाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के लक्ष्मणदास पुरी रेलवे स्टेशन से फरार हो गया।
प्रवक्ता के अनुसार घटना के बाद आरक्षी इंद्रजीत और गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अभियुक्त कल्लू को तलाश कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications