रिलायंस से सौदे पर एमटीएन की चुप्पी

दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहांसबर्ग में गुरुवार को एमटीएन की वार्षिक बैठक (एजीएम) में रिलायंस कम्युनिकेशंस के साथ जारी वार्ताओं के बारे में कुछ नहीं कहा गया। एमटीएन समूह के अध्यक्ष सिरिल रामाफोसा ने इस बैठक को मात्र आधे घंटे तक सीमित कर दिया।
इस बैठक में मौजूद कंपनी के शेयरधारकों की ओर से रिलायंस कम्यूनिकेशंस के साथ प्रस्तावित सौदे से संबंधित खबरों के बारे में सवाल उठाए जा सकते थे, लेकिन इस बैठक में सवाल-जवाब के लिए समय नहीं दिए जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
रामाफोसा ने कहा कि इस बैठक में केवल एजीएम से संबंधित नोटिस के बारे में चर्चा की जाएगी। गौरतलब है कि मई में एमटीएन ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के साथ संभावित सौदे के बारे में टिप्पणी करने से दृढ़तापुर्वक इंकार कर दिया था।
चूंकि रिलायंस कम्युनिकेशंस और एमटीएन के बीच 45 दिनों तक की वार्ताएं चल रही हैं, इसलिए कंपनी को संभावित सौदे के बारे में तरह-तरह के सवालों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच अनिल अंबानी के बड़े भाई और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी द्वारा एमटीएन को भेजे गए उस पत्र के बारे में भी कंपनी ने टिप्पणी से इंकार कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि रिलायंस कम्युनिकेशंस के अधिग्रहण का पहला अधिकार रिलायंस इंडस्ट्रीज को है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस












Click it and Unblock the Notifications