बिहार में कामकाजी महिलाओं के बच्चों के लिए झूलाघर खुलेंगे
पटना, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार में अब कामकाजी महिलाएं काम के समय बच्चों की देखभाल की चिंता से मुिक्त पा सकती हैं बशर्ते कि उनके कार्यालय में 25 या उससे अधिक महिलाएं कार्यरत हों।
राज्य के महिला विकास निगम ने कामकाजी महिलाओं के पांच वर्ष तक के बच्चों की देखभाल के लिए राज्य में 100 झूलाघर खोलने का निर्णय लिया गया है।
महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक एस़ सिद्घू ने शुक्रवार को आइएएनएस को बताया कि सरकारी संस्थानों, निकायों, उपक्रमों, विद्यालयों और अस्पतालों में झूलाघर खोलने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि निगम ऐसे संस्थानों में झूलाघर खोलेगा, जहां कम से कम 25 महिलाएं कार्यरत हों।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक झूलाघर में दो-दो कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी जिससे बच्चों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में तो 100 झूलाघर खोले जाएंगे, लेकिन सब कुछ ठीक रहा तो इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।
सिद्धू ने कहा कि अभी यह तय नहीं किया गया है कि राज्य के किन-किन जिलों में ये झूलाघर खोले जाने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications