नाबालिग को हथकड़ी: 2 सिपाही निलंबित, थाना प्रभारी लाइन हाजिर
कानपुर, 20 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के कानपुर में पुलिस द्वारा नाबालिग बच्चों को हथकड़ी लगाकर न्यायालय ले जाने के मामले में दो सिपाहियों को निलंबित तथा कल्याणपुर के थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कानपुर, 20 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के कानपुर में पुलिस द्वारा नाबालिग बच्चों को हथकड़ी लगाकर न्यायालय ले जाने के मामले में दो सिपाहियों को निलंबित तथा कल्याणपुर के थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कल्याणपुर पुलिस ने गुरुवार को गूबा गार्डेन इलाके में लक्ष्मीकांत के मकान में शिवकांत, रोशन सिंह और सूरज रावत को चोरी करते हुए पकड़ा था। इनकी उम्र महज 12-13 साल है।
इसके बाद सिपाही राधेश्याम, जुगुल किशोर और एक होमगार्ड तीनों बच्चों को हथकड़ी पहनाकर अपर नगर मजिस्ट्रेट (षष्टम) सुरेंद्र शर्मा की अदालत में पेश करने के लिए जिला सत्र न्यायालय पहुंचे।
जिला सत्र न्यायालय में बच्चों को हथकड़ी पहने देख वकीलों ने हंगामा किया। बाद में थाना प्रभारी कल्याणपुर आले हसन खान ने अदालत पहुंचकर इन बच्चों की हथकड़ी खुलवाई। उसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
बच्चों को हथकड़ी लगाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार देर रात कानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह ने कल्याणपुर के थाना प्रभारी खान को लाइन हाजिर कर दिया और सिपाही किशोर व राधेश्याम को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्होंने होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए कमांडेट को पत्र भी लिखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications