तेल की नरमी से अमेरिकी शेयर बाजारों में आई गरमी
न्यूयार्क, 20 जून (आईएएनएस)। कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी से अमेरिकी शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में पिछले तीन दिनों की मंदी गुरुवार को तेजी में तब्दील हो गई।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (नाइमेक्स) गुरुवार को 4.75 डालर गिरकर 131.93 डालर पर बंद हुआ। कच्चे तेल के बाजार में ताजा कमी चीनी सरकार की उस घोषणा की बाद आई है जिसमें उसने कहा है कि रियायती दरों पर बेचे जा रहे पेट्रोल की कीमतें बढ़ाई जाएंगी।
चीन दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश है और यहां की अर्थव्यवस्था सबसे तेज गति से विकास कर रही है। चीन अमेरिका के बाद दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता देश है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक 'डाऊ जोंस' 34.03 अंक अर्थात 0.28 प्रतिशत बढ़त के साथ 12,063.09 पर, 'स्टैंडर्ड एंड पुअर्स 500' 5.02 अंक अर्थात 0.38 प्रतिशत बढ़त के साथ 1,342.83 पर और प्रौद्योगिकी सूचकांक 'नैस्डेक कंपोजिट' 32.35 अंक अर्थात 1.33 प्रतिशत बढ़त के साथ 2,462.06 पर बंद हुआ।
इस बीच, एक अमेरिकी डालर गुरुवार को 64.481 यूरो सेंट्स और 107.93 येन पर बंद हुआ जबकि बुधवार को यह 64.39 यूरो सेंट्स और 107.84 येन के स्तर पर था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*