अंग्रेजी को अमेरिका की इकलौती राजभाषा बनाने का अभियान तेज
अरुण कुमार
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 20 जून (आईएएनएस)। अंग्रेजी 82 फीसदी अमेरिकियों की मातृभाषा है और देश की 96 फीसदी जनता 'अच्छी तरह' और 'बहुत अच्छी तरह' अंग्रेजी बोलती है, लेकिन आज तक इस भाषा को इकलौती राजभाषा बनने का सौभाग्य प्राप्त नहीं हो पाया है। अब इसे यह रुतबा दिलाने की मुहिम जोर पकड़ चुकी है।
अंग्रजी के समर्थकों का कहना है कि वे इस भाषा को उसका वाजिब हक दिलाने की कोशिश कर रहे हैं, न कि देश में सिर्फ यही एक भाषा बोले जाने की वकालत कर रहे हैं। इस मामले में अंग्रेजी के बाद स्पेनिश का नंबर आता है। देश की करीब 3 करोड़ जनता, जो कुल आबादी का 13 फीसदी है, स्पेनिश बोलती है।
मई 2006 में सीनेट ने एक विधेयक पारित किया था, जिसमें अंग्रेजी को अमेरिका की राष्ट्रीय भाषा घोषित किया गया। इसे लेकर सीनेट और जन प्रतिनिधि सभा के बीच सहमति कायम नहीं होने के कारण विधेयक निष्प्रभावी हो गया।
यूएसए टुडे के मुताबिक इसके समर्थकों ने इसे लेकर लाबिंग तेज कर दी है। देश के 30 प्रांतों ने अंग्रेजी को सरकारी कामकाज की एकमात्र भाषा घोषित कर रखा है। इस साल 19 प्रांतीय सदनों में ऐसा ही प्रस्ताव पेश किए जाने की योजना है। इसी साल अप्रैल में ओकलाहोमा जन प्रतिनिधि सभा ने एक प्रस्ताव पारित कर अंग्रेजी को सरकारी भाषा का दर्जा दिया। अगले महीने ओहियो की जन प्रतिनिधि सभा भी ऐसा ही एक प्रस्ताव पारित कर अंग्रेजी को यह रुतबा देगी।
यूएसए इंग्लिश नामक संगठन के सीईओ और चेयरमैन मौरो मुजिका कहते हैं, "हम इस मुहिम में सफल होते जा रहे हैं। हमने अपना प्रयास कई गुना बढ़ा दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications