महंगे ईंधन ने बढ़ाई महंगाई : चिदंबरम ने दी सफाई
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। मुद्रास्फीति (महंगाई) की दर 13 साल के रिकार्ड स्तर पर चले जाने से संबंधित ताजा आंकड़े जारी होने के तुरंत बाद वित्त मंत्रालय ने मंत्रिमंडल को महंगे ईंधन के महंगाई पर प्रभाव को लेकर आगाह किया है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक सात जून को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान महंगाई की दर के 11.05 प्रतिशत के रिकार्ड स्तर पर चले जाने से चिंतित वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, "पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का महंगाई के ताजा आंकड़ों में 94 प्रतिशत योगदान है।"
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष चार जून को पेट्रोल पांच रुपये प्रति लीटर, डीजल तीन रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस 50 रुपये प्रति सिलेंडर महंगा कर दिया था।
चिदंबरम ने कहा, "ईंधन की कीमतें बढ़ाए जाने के बाद अपेक्षित था कि महंगाई की दर दो अंकों तक चली जाएगी। हमने मंत्रिमंडल को इस संबंध में आगाह कर दिया है।"
वित्त मंत्री ने कहा, "यह बड़ी कठिन घड़ी है। फिलहाल मुद्रा नीति को और कड़ी किए जाने की जरूरत है। जनता की परेशानियों को सरकार बखूबी समझती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications