परमाणु करार पर फैसला संप्रग घटकों की सर्वसम्मति से होना चाहिए : कांग्रेस
नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कहा है कि भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते के भविष्य का फैसला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के सभी घटक दलों के बीच आम सहमति से होना चाहिए।
परमाणु करार को भारत हित में बताते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा, "यह कांग्रेस की नहीं बल्कि संप्रग की सरकार है। परमाणु करार पर हम जो भी निर्णय लेंगे वह संप्रग के सभी घटकों की सहमति से लेंगे।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीतराम येचुरी के समर्थन वापसी संबंधी संकेत के चंद घंटों के बाद ही दिग्विजय सिंह ने यह बयान दिया। येचुरी ने संकेत दिए थे कि संप्रग सरकार यदि भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते पर आगे बढ़ती है तो वामदल केंद्र सरकार से अपना समर्थन वापस ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें यह करार का यह मौका नहीं गंवाना चाहिए। उन्होंने वामदलों को यह सलाह भी दी, "उन्हें समझना चाहिए कि आज के जमाने में कोई भी अछूता नहीं है। हमें वही करना चाहिए जो देश हित में है।"
दिग्विजय सिंह के मुताबिक कांग्रेस वामदलों की आपत्तियों को समझ नहीं पाई। यहां तक कि चीन ने भी परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के लिए अमेरिका से इस प्रकार का समझौता किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*