मुंबई में खुलेगा कनाडाई विश्वविद्यालय का परिसर
गुरमुख सिंह
गुरमुख सिंह
टोरंटो, 19 जून (आईएएनएस)। कनाडा का यार्क विश्वविद्यालय मुंबई में अपना परिसर खोलने की योजना बना रहा है।
इंडियन मर्चेट्स चैंबर(आईएमसी) के प्रतिनिधिमंडल ने यहां इस संबंध में जानकारी दी। यह 150 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल यहां छह दिवसीय 'इंडिया कॉलिंग कनाडा : इंडिया कनाडा बिजनेस पार्टनरशिप सम्मीट' कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया है।
कनाडा भारत में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का इच्छुक है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे एम. एन. चैनी ने कहा, "कनाडा को यह प्रमुख विश्वविद्यालय मुंबई में परिसर खोलने की योजना बना रहा है। इसके लिए एक सौ एकड़ भूमि खोजी जा रही है।"
चैनी ने कहा कि टोरंटो के सेनेका कॉलेज के साथ भी विमानन के क्षेत्र में सहयोग के लिए संपर्क स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "सेनेका स्कूल ऑफ एविएशन एंड फ्लाइट टेक्नोलॉजी विमानन के क्षेत्र में विश्व की एक प्रमुख शैक्षणिक संस्था है। हम इस संस्था का सहयोग लेना चाहते हैं। दरअसल, भारत में विमानन उद्योग का इन दिनों विकास हो रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*