सपा से हाथ मिलाने में एतराज नहीं : श्रीप्रकाश जायसवाल
वाराणसी, 18 जून (आईएएनएस)। आने वाले लोक सभा के चुनाव में कांग्रेस का समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की अटकलों पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने आज यह कह कर मुहर लगा दी कि राजनीति में कोई भी अछूता नहीं होता।
जायसवाल कबीर दास जी की जन्मस्थली पर होने वाले एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आज वाराणसी आये थे, जहां वे पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
पत्रकारों के यह पूछने पर कि क्या कांग्रेस सपा के साथ चुनावी गठबंधन कर सकती है इस पर गृह राज्य मंत्री ने याद दिलाया कि जब हमारी पार्टी ने वामपंथियों से हाथ मिलाया था तब भी हमारा एक ही उद्देश्य था कि देश में बढ रही साम्प्रदायिक ताकतों को कमजोर करना, इस उद्देश्य में वामपंथियों ने हमारा खुलकर साथ भी दिया और हम अपने उद्देश्य में सफल रहे।
जायसवाल ने कहा कि इस मुद्दे पर हमारे आलाकमान ने क्या वार्ता किया है, आगे क्या करेगा, क्या नहीं करेगा, मैं यह नहीं जानता। लेकिन मैं यह जरूर दावा कर सकता हूं कि सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने के गोल में यदि समाजवादी पार्टी भी साथ आना चाहती है तो हम उसका स्वागत करेंगे। जायसवाल के इस बयान को राजनीतिक पंडितों ने भाजपा और बसपा से मुकाबला करने की कवायद करार दिया है।
जयपुर में हुए विस्फोटों की चर्चा के दौरान जायसवाल ने राजस्थान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने राजस्थान सरकार को पहले ही आगाह कर दिया था कि वहां के किसी धार्मिक स्थल को आतंकवादी निशाना बना सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अजमेर में विस्फोट हुआ लेकिन जयपुर में विस्फोट को टाला जा सकता था। इसमें राज्य सरकार की लापरवाही थी जिससे वहां विस्फोट हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications