भारत-सीरिया ने तीन आर्थिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए (लीड-1)
नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। भारत और सीरिया ने बुधवार को तीन आर्थिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते दोहरे कराधान से बचने, द्विपक्षीय निवेश और कृषि एवं इससे संबंधित क्षेत्रों में सहयोग के लिए हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद ने आज हैदराबाद हाउस में लगभग एक घंटे की चर्चा के बाद इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल स्तर पर औपचारिक बातचीत भी हुई।
इससे पहले भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आए सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में भव्य स्वागत किया गया। पिछले 30 वर्षो के दौरान भारत की यात्रा पर आए सीरिया के वह पहले राष्ट्राध्यक्ष हैं। उनके पिता हफीज अल असद वर्ष ने 1978 में भारत की यात्रा की थी।
बशर अपनी पत्नी, चार मंत्रियों और एक व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार की शाम भारत पहुंचे। सलामी गारद की निगरानी के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "चर्चा करने के लिए हमारे पास कई मुद्दे हैं। उभरते हुए भारत से हमें बहुत उम्मीदें हैं।"
उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ाना और खासकर दूरसंचार के क्षेत्र में और ज्यादा सहयोग चाहते हैं।
स्वागत समारोह के बाद बशर महात्मा गांधी के स्मारक पर गए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications