गुर्जर-सरकार वार्ता सफल, समझौता बुधवार को

सरकार की तरफ से वार्ता का नेतृत्व कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रामदास अग्रवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैं इस बात को लेकर खुश हूं कि राज्य में सामान्य स्थिति जल्द ही लौट आएगी। दोनों पक्ष वार्ता से संतुष्ट हैं। वार्ता सफल रही है। इस बारे में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कल किए जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि राज्य की पांच करोड़ जनता के हितों को ध्यान में रखकर यह समझौते पर पहुंचा गया है। इस मौके पर गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के नेता कर्नल के. एस. बैंसला ने वार्ता को 'ऐतिहासिक' करार दिया। उन्होंने कहा, "मैं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और रामदास अग्रवाल को मान्य समाधान तक पहुंचने के लिए धन्यवाद देता हूं।"
गुर्जर नेता रामवीर सिंह विधुरी ने कहा, "समझौता पर पहुंचने के बाद बुधवार को आंदोलन वापस ले लिया जाएगा।" उन्होंने भी वार्ता को काफी सफल करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति की सूची से कोई छेड़छाड़ नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आपको इस बारे में जानने के लिए सुबह तक इंतजार करना पड़ेगा। राजस्थान में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति व जनजाति के लिए कुल आरक्षण पहले से ही 49 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों के मुताबिक बुधवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे क्योंकि मुख्यमंत्री बुधवार के दिन को शुभ मानती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications