असम में बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलस्तर घटा
गुवाहाटी, 18 जून (आईएएनएस)। असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल स्तर घटने के बाद बुधवार को हजारों लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। जल-जनित रोगों के फैलने की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य अधिकारियों को अलर्ट जारी कर दिया है।
असम के राजस्व, राहत और पुर्नवास मंत्री भूमिधर बर्मन ने कहा, "बारिश के रूकने से बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति में सुधार हो रहा है। लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं, लेकिन अभी भी हजारों लोग शिविरों में है।"
बर्मन ने कहा, "हमने सौ से अधिक कैंपों की स्थापना की है जहां लोगों को राहत सामग्रियों और दवाईयां मुहैया कराई जा रही हैं।"
केंद्रीय जल आयोग द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य की मुख्य नदी का जल स्तर राज्य के कई इलाकों में अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, लेकिन जल स्तर में कमी भी दर्ज की जा रही है।
राज्य में बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित लखीमपुर और सोनितपुर जिले के 350 गांवों चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए। राज्य में बाढ़ से अभी तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिश्व शर्मा ने कहा, "बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिकित्सकों के दल को अलर्ट कर दिया गया है। हालांकि, जल-जनित रोगों के फैलने की कोई घटना प्रकाश में नहीं आई है।" लखीमपुर जिले का बाढ़ के कारण राज्य के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications