उप्र के बाढ़ की आशंका वाले जिलों में एलर्ट जारी
लखनऊ, 18 जून (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश में समय से पहले आए मानसून की जोरदार बारिश को देखते हुए बाढ़ की आशंका वाले फैजाबाद, लखीमपुर खीरी और गोण्डा समेत 32 जिलों में एलर्ट जारी कर दिया गया है।
प्रदेश के मुख्य सचिव अतुल कुमार गुप्ता ने मंगलवार देर शाम यहां राज्य स्तरीय आपदा राहत समिति की बैठक करने के बाद बाढ़ संभावित जिलों को चौकन्ना रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने की स्थिति में राहत कार्य के दौरान किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पिछले कई दिनों से प्रदेश में हो रही भारी बारिश से गोमती, घाघरा, सरयू, शारदा आदि नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आस-पास पहुंच गया है। लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी पिंकी जोयल ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि जिले में बहने वाली शारदा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है लेकिन प्रशासन बाढ़ से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
फैजाबाद के जिलाधिकारी अनिल गर्ग ने बताया कि फिलहाल सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है, यदि कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला जाएगा। इस बाबत जिले से सभी प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक हो चुकी है और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications