अमेरिका और लिथुआनिया ने मिसाइल तैनाती पर वार्ता की खबर का खंडन किया
वाशिंगटन/विलनियस, 18 जून (आईएएनएस)। अमेरिका और लिथुआनिया ने इस खबर का खंडन किया है कि दोनों देशों ने मिसाइल रक्षा प्रणाली की स्थापना के मुद्दे पर पोलैंड से वार्ता विफल होने की सूरत में इसे लेकर एक करार करने की गुंजाइश तलाशी थी।
पोलैंड के उप विदेश मंत्री विटोल्ड वास्जीकोव्स्की ने यह बयान देकर राजनयिक गलियारे में नई चर्चा को जन्म दे दिया है कि उन्हें पक्की खबर है कि अमेरिका और पूर्व सोवियत संघ का हिस्सा रह चुके लिथुआनिया के बीच मिसाइल तैनाती के मुद्दे पर मई में बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा, "मुझे यह पक्की खबर है कि अमेरिका ने इस विकल्प पर लिथुआनिया से बातचीत की थी।"
पोलैंड के मंत्री के बयान को खारिज करते हुए अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉम केसे ने कहा, "मैं इसे अतिश्यिोक्तिपूर्ण बयान मानता हूं। इस मुद्दे पर पोलैंड के साथ हमारी बातचीत सही दिशा में जारी है और हम करार के काफी करीब पहुंच चुके हैं। हम समझते हैं कि दोनों देशों के बीच इस मसले पर करार होना तय है। ऐसे में भला विकल्प की क्या जरूरत है?"
इस मसले से संबद्घ अमेरिका के मुख्य वार्ताकार जॉन रूड मई में अमेरिका के दौर पर थे। समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने बताया कि के से ने इस खबर को बेबुनियाद कहा है। केसे ने कहा, "तब रूड ने लिथुआनिया को पोलैंड से अब तक हुई बातचीत का ब्योरा दिया था।" लिथुआनिया के विदेश मंत्रालय ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है। उसने कहा कि यह खबर गलत है कि उनका देश अमेरिका से बातचीत कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications