उड़ीसा में बाढ़ से पांच लाख लोग प्रभावित, सड़क व रेल यातायात ठप
भुवनेश्वर, 18 जून (आईएएनएस)। उड़ीसा में गत चार दिनों से हो रही भारी बारिश से राज्य के उत्तरी भाग के चार जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है और करीब पांच लाख लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं। इन जिलों में सड़क व रेल यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से इन जिलों में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है और यातायात व्यवस्था के साथ-साथ बिजली सप्लाई भी बंद है। अतिरिक्त आयुक्त (राहत सेवा) बी. बराल ने आईएएनएस को बताया कि राज्य में बाढ़ आने से करीब पांच लाख लोग प्रभावित हुए है।
मीडिया में आई खबर के अनुसार बाढ़ में अब तक कई लोग लापता हो गए हैं जबकि बालासोर और मयूरभंज जिलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि अधिकारियों ने इस बाबत कोई जानकारी नहीं दी है।
राजस्व नियंत्रण कक्ष में विशेष अधिकारी दुर्गेशनंदिनी साहू ने कहा कि इन जिलों की सभी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications